राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झालावाड़ की सचिव एवं अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शशि गजराना ने गुरुवार को पिड़ावा स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। यह वृद्धाश्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत संचालित है। निरीक्षण के दौरान कुछ वृद्वजनों ने शिकायत की कि स्वयं का सत्यापन नहीं होने के कारण उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर सचिव शशि गजराना ने संबंधित अधिकारियों को वृद्वजनों का शीघ्र सत्यापन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत व्यक्तियों की उपस्थिति रजिस्टर और अन्य पत्रावलियों का अवलोकन किया। मौके पर कुल 16 वृद्वजन उपस्थित पाए गए। कई वृद्वजनों ने बताया कि उन्हें पिछले कई महीनों से पेंशन प्राप्त नहीं हुई है, जिस पर संबंधित विभाग को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय केयर टेकर से वृद्वजनों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। बिस्तर, कंबल और कपड़ों की स्थिति का भी अवलोकन किया गया। सचिव ने बिस्तर और कंबलों को नियमित रूप से साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एक विधिक जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। ‘अवेयरनेस मॉड्यूल फॉर सीनियर सिटीजन’ अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता और पेंशन योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।


