रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव…:7550 करोड़ के निवेश ऐसे जिन्हें पहले सागर में गिनाया, बाद में नर्मदापुरम् में भी गिना दिया

प्रदेश में हुई 6 रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव में 2.13 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव का दावा किया गया है। भास्कर ने जब इन सभी कॉनक्लेव के आंकड़ों को जुटाया तो पता चला कि एक ही कंपनी के निवेश प्रस्ताव को दो अलग-अलग कॉनक्लेव में गिनाया गया। 7 दिसंबर को नर्मदापुरम् में हुई कॉनक्लेव में 31,425 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा किया गया। इसमें 7,550 करोड़ के निवेश प्रस्ताव पहले 27 सितंबर को सागर में हुई कॉनक्लेव में गिने गए थे। सागर कॉनक्लेव में कुल 23,181 करोड़ के निवेश का दावा किया गया था। नर्मदापुरम् कॉनक्लेव में 22 रिन्युएबल एनर्जी कंपनियों के 18,123 करोड़ के निवेश प्रस्ताव शामिल थे। इनमें 3,350 करोड़ का निवेश उन्हीं तीन कंपनियों का था, जिन्हें पहले सागर कॉनक्लेव में जोड़ा गया था। इसके अलावा, अन्य रिन्युएबल कंपनियों के 4,200 करोड़ का निवेश भी इसमें जोड़ा गया। इस तरह, नर्मदापुरम् के 7,550 करोड़ के प्रस्ताव को सागर के आंकड़ों में पहले ही शामिल कर लिया गया था। एमपीआईडीसी के अफसरों का कहना है कि आंकड़े जारी करने में चूक हो सकती है। उन्होंने कहा कि सागर कॉनक्लेव में निवेश प्रस्ताव दिए गए थे, जबकि नर्मदापुरम् में भूमिपूजन हुआ। सागर में सनकाइंड इंडिया प्राइवेट लि. का निवेश नर्मदापुरम् में सनकाइंड फोटोवोल्टेक्स प्राइवेट लि. के नाम से दर्शाया है। दोनों के डायरेक्टर एक हैं। आंकड़े ऊपर-नीचे हो गए हों… एमपीआईडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला ने बताया कि अल्पेक्स, इंसोलेशन जैसी कंपनियों ने सागर में निवेश प्रस्ताव दिए थे। इन्हें नर्मदापुरम् में जमीन आवंटित कर भूमिपूजन कराया। हमने तो 18 हजार करोड़ का निवेश बताया था। हो सकता है आंकड़े ऊपर-नीचे हो गए हों।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *