बसंत पंचमी पर विद्या भारती में विद्यारंभ संस्कार:बच्चों को ‘ॐ’ और ‘श्री गणेशाय नमः’ का अक्षर लेखन

बारां में विद्या भारती द्वारा संचालित सभी आदर्श विद्या मंदिर और स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन विद्यालयों में बसंत पंचमी (सरस्वती जयंती) के अवसर पर विद्यारंभ संस्कार का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। विद्या भारती के जिला मंत्री अशोक योगी ने बताया कि विद्यारंभ संस्कार का मुख्य उद्देश्य छोटे बच्चों के जीवन में विद्या, संस्कार और संस्कृति के बीज बोना है। कार्यक्रम के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, यज्ञ, शोभायात्रा और प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस संस्कार में नवप्रवेशित शिशु वाटिका के बच्चे और उनके अभिभावक उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। शुभ मुहूर्त में गुरुजनों द्वारा इन बच्चों को ‘ॐ’ और ‘श्री गणेशाय नमः’ का अक्षर लेखन कराया जाएगा। विद्या भारती के पदाधिकारी भी इस अवसर पर विद्यारंभ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालेंगे। विद्या भारती के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर ने कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि संस्कारित, चरित्रवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण करना है। उन्होंने जोर दिया कि सरस्वती जयंती जैसे पर्व बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि, गुरु के प्रति श्रद्धा और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को और अधिक मजबूत करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *