बोकारो के तेनुघाट में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों, महेंद्र ठाकुर और महेंद्र प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक, चोरी का झोला और 3200 रुपए नगद बरामद किए हैं। यह चोरी 18 जनवरी 2026 को तेनुघाट 01 नंबर, ई-टाइप कॉलोनी स्थित एक आवास में हुई थी। इस संबंध में 19 जनवरी 2026 को पेटरवार (तेनुघाट ओ०पी०) में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 331(6), 305(ए) और 123 के तहत मामला दर्ज किया गया था। बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त महेंद्र ठाकुर (उम्र 35 वर्ष), पिता स्व० भिखु ठाकुर, निवासी मंडई टोला, थाना गोमिया, और महेंद्र प्रसाद यादव (42), पिता स्व० रामवृक्ष यादव, निवासी कथारा 02 नंबर, थाना गोमिया (कथारा ओ०पी०), जिला बोकारो को गिरफ्तार किया। बरामद सामान में एक बाइक, एक झोला जिस पर “जगमोहन लाल शिवरत्न लाल, चांदी के जेवर एवं ग्रह रत्न विक्रेता, पटना सिटी” अंकित है, 500 रुपए के 6 नोट, 200 रुपए का 1 नोट और एक जियो भारत की-पैड मोबाइल फोन शामिल हैं। कुल 3200 रुपए नगद भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी महेंद्र ठाकुर का आपराधिक इतिहास गंभीर है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


