लुधियाना में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लुधियाना पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। सराभा नगर स्थित सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल के बाहर भारी-भरकम चेकिंग अभियान चलाया गया। जैसे ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं स्कूल के बाहर बिना वजह मंडराने वाले युवाओं और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया। पूरी कार्रवाई ADCP ट्रैफिक ने संभाली। टीमों ने स्कूल के बाहर खड़े संदिग्ध वाहनों युवकों और रेहड़ी-फड़ी वालों की सघन तलाशी ली। पुलिस ने साफ कर दिया कि छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल से कोई समझौता नहीं होगा। अभियान के दौरान कुल 24 चालान काटे गए और 2 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। खासतौर पर उन मनचलों पर कार्रवाई की गई जो स्कूल के बाहर बेवजह खड़े होकर छात्राओं को परेशान करने की कोशिश करते थे। कई संदिग्धों को कड़ी चेतावनी देकर वहां से खदेड़ भी दिया गया। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बाइकर्स पर भी सख्ती दिखाई क्योंकि पटाखे जैसी तेज आवाजें स्कूल के शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ती हैं। इसके साथ ही पुलिस ने स्कूलों के बाहर दुकान लगाने वालों के सामान की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया कि कहीं वे युवाओं को नशीला पदार्थ या कोई प्रतिबंधित वस्तु तो नहीं बेच रहे। ADCP गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने क्या कहा छात्रों के लिए भयमुक्त माहौल बनाना हमारी प्राथमिकता है। आज का ऑपरेशन उन सभी के लिए सख्त चेतावनी है जो स्कूल-कॉलेजों के बाहर हुड़दंग मचाते हैं। आने वाले दिनों में और भी बड़े शिक्षण संस्थानों के बाहर इसी तरह के सरप्राइज चैक किए जाएंगे। लुधियाना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर दें।


