कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की दूसरी बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में हुई। बैठक की शुरुआत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रायपुर के मुख्य महाप्रबंधक एम.एस. पैकरा ने अधिकारियों का परिचय और उद्योग विभाग से जुड़ी जानकारी देकर किया। बैठक में कलेक्टर ने जिले में हुए निवेश और रोजगार की जानकारी ली। बताया गया कि वर्ष 2025-26 में जिले में 97 नए उद्योग शुरू हुए हैं। इन उद्योगों से 1,059.53 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है और 2,464 लोगों को सीधे रोजगार मिला है। कलेक्टर ने उद्योगों के लिए शासकीय जमीन से जुड़े 13 लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के अधिकारी भी रहे मौजूद नगर एवं ग्राम निवेश विभाग के संयुक्त संचालक विनित नायर ने कहा कि उद्योग लगाने से पहले निजी जमीन खरीदते समय यह जरूर देख लें कि जमीन पर कोई विवाद या कानूनी समस्या न हो, ताकि आगे परेशानी न आए। बैठक में बिजली विभाग के अधिकारी प्रवीण कुमार शर्मा ने बताया कि ‘प्लास्टिक पार्क, सरोरा’ में उद्योगों के लिए बिजली सब-स्टेशन की जरूरत है। उन्होंने नए और प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों में इसके लिए अलग स्थान तय करने का सुझाव दिया। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


