करौली जिले में एक महिला के साथ मारपीट और चोरी के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। परिवार ने पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस थाना सदर करौली में दर्ज एफआईआर के मामले को लेकर पीड़िता सरोज और उसका परिवार गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उन्होंने एसपी लोकेश सोनवाल से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष अनुसंधान की मांग की। पीड़िता सरोज का आरोप है कि 27 नवंबर 2025 को कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चार जगह फ्रैक्चर हो गया। उसने सोने के आभूषण चोरी होने का भी आरोप लगाया है। सरोज के अनुसार गंभीर चोटों के बावजूद मामले में हल्की धाराएं लगाई गईं, जिसके कारण आरोपी जमानत पर रिहा हो गए। रिहाई के बाद से आरोपी लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने खेतों की फसल काट ली और आग लगाने की धमकी भी दी। इस भय के कारण पीड़िता का परिवार पिछले कई दिनों से घर छोड़कर रहने को मजबूर है, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। परिवार ने यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से उनके हौसले बढ़े हुए हैं। एसपी लोकेश सोनवाल ने मामले को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित थानेदार को भेजकर जांच के निर्देश दिए और पीड़िता को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


