गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों पर बैठक:कलेक्टर ने दिए निर्देश, मेजर शैतान सिंह स्टेडियम में होगा मुख्य कार्यक्रम

फलोदी जिले में गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर श्वेता चौहान ने की। इसमें समारोह से जुड़े सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे और तैयारियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिला कलेक्टर ने परेड, झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ध्वजारोहण, मंच व्यवस्था, आमंत्रण पत्र, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और मीडिया समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा में पूरी हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 26 जनवरी को तय समय पर होगा ध्वजारोहण जानकारी दी गई कि 26 जनवरी को मुख्य ध्वजारोहण मेजर शैतान सिंह स्टेडियम में सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर किया जाएगा। इसके अलावा सभी विद्यालयों में सुबह 7 बजे, विभागीय कार्यालयों में सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर तथा पंचायत मुख्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। झांकियों में दिखेगा विकास और सामाजिक संदेश शिक्षा विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी साझा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि झांकियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और सामाजिक संदेशों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने झांकियों में गुणवत्ता, रचनात्मकता और निर्धारित थीम का विशेष ध्यान रखने तथा समय पर निर्माण और पूर्व तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीशनल एसपी ब्रजराज सिंह चारण, एसीईओ गौतम चौधरी, एसडीएम पूजा चौधरी, डीएसपी अचल सिंह देवड़ा सहित विभिन्न विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *