हनुमानगढ़ में संगरिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 किलो 230 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागौर जिले के भोमासर निवासी श्यामाराम (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद एसआई प्रमोद सिंह के नेतृत्व में हरिपुरा जोतावाली रोड पर सख्त नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की स्विफ्ट गाड़ी को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी डोडा पोस्त की सप्लाई के उद्देश्य से इसका परिवहन कर रहा था। मामले की जांच तलवाड़ा झील थानाधिकारी जगदीश सिंह कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी। इसके साथ ही, आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।


