भोपाल के बैरागढ़ क्रिकेट ग्राउंड पर आज से जैन लिगेसी क्रिकेट कप की शुरुआत हुई। टूर्नामेंट का ओपनिंग मुकाबला 360 धुरंधर और एसजे इलेवन के बीच खेला गया। वहीं दूसरा मुकाबला जेके चैंपियंस और प्रगति लेजेंड्स के बीच खेला गया। ओपनिंग मैच में 360 धुरंधर ने एसजे इलेवन को हराया, वहीं दूसरे मुकाबले में जेके चैंपियंस ने प्रगति लेजेंड्स को 33 रन से दी शिकस्त। कमजोर रही एसजे इलेवन की शुरुआत पहले बल्लेबाजी करते हुए एसजे इलेवन की टीम 12 ओवर में 8 विकेट पर 112 रन ही बना सकी। टीम के लिए कप्तान रोहित जैन ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 26 गेंदों पर 41 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। रोहित के साथ शुभम ने 16 गेंदों पर 29 रन जरूर जोड़े, लेकिन दोनों के बीच बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। कप्तान रोहित टीम के 82 के स्कोर पर आउट हुए, जिसके बाद एसजे इलेवन की पारी लड़खड़ा गई और टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। मैच की तीन तस्वीरें…. टूर्नामेंट में जीत के साथ 360 धुरंधर की शुरुआत 113 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी 360 धुरंधर की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहला विकेट महज 1 रन पर गंवा दिया और शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट गिरते रहे। हालांकि शुभम जैन ने एक छोर संभालते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरी ओवर में 360 धुरंधर को जीत के लिए 6 गेंदों पर 16 रन चाहिए थे, जिसे टीम ने एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस तरह 360 धुरंधर ने रोमांचक जीत के साथ जैन लिगेसी क्रिकेट कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में जेके चैंपियंस की 33 रनों से जीत जैन लिगेसी क्रिकेट कप में आज का दूसरा मुकाबला जेके चैंपियंस और प्रगति लीजेंड्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर प्रगति लीजेंड्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेके चैंपियंस ने 12 ओवर में 6 विकेट खोकर 137 रन बनाए और प्रगति लीजेंड्स को जीत के लिए 138 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रगति लीजेंड्स की पारी शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई। टीम को पहला झटका शून्य के स्कोर पर ही लग गया। 27 रन तक पहुंचते-पहुंचते टॉप ऑर्डर पूरी तरह ढह गया। इसके बाद कुलदीप और अंकुर ने पारी संभालते हुए चौथे विकेट के लिए अहम साझेदारी की और टीम का स्कोर 96/4 तक पहुंचा दिया। हालांकि यहीं से मुकाबले का रुख पलट गया। जेके चैंपियंस के गेंदबाज अंकित जैन ने अपने तीसरे ओवर में लगातार विकेट झटकते हुए कुलदीप, अंकुर और विनोद को आउट कर प्रगति लीजेंड्स को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और जेके चैंपियंस ने 33 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। प्रगति लीजेंड्स की ओर से कुलदीप ने 25 गेंदों पर 36 रन और अंकुर ने 22 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली। वहीं जेके चैंपियंस की ओर से अंकित जैन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। टूर्नामेंट में आज शाम तीन मैच खेले जाएंगे आज खेले जाने वाले शाम के मुकाबलों की बात करें तो पहला मैच मेंटॉर टाइगर और जेजीएम टाइटंस के बीच शाम 4 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला जेके सुपरकिंग्स और गौरव इलेवन के बीच शाम 6 बजे से होगा, जबकि दिन का तीसरा और आखिरी मैच नक्ष नाइट्स और प्रगति लीजेंड्स के बीच रात 10 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 26 जनवरी को शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जिसमें लीग चरण की टॉप दो टीमें आमने-सामने होंगी। सभी दस टीमों को मुकाबलों के लिए ए और बी सीरीज के दो ग्रुप में बांटा गया है, ताकि मुकाबलों में रोमांच बना रहे। यह क्रिकेट टूर्नामेंट भोपाल जैन समाज द्वारा आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहर और प्रदेश के जैन समाज को एक मंच पर लाना और खेल के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों की सहायता करना है। खेल के साथ-साथ सामाजिक सरोकार को जोड़ने वाला यह आयोजन शहर के खेल प्रेमियों के लिए भी खास आकर्षण रहेगा। 23 जनवरी को मुकाबलों की भरमार शुक्रवार को भी दर्शकों को चार रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। सुबह के सेशन में जेके चैंपियंस का सामना गौरव इलेवन से होगा, जबकि दूसरा मैच नक्ष नाइट्स और जेके सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा। शाम को रेस्टफुल रॉयल्स और जेजीएम टाइटंस आमने-सामने होंगे। इसके बाद एसजे इलेवन और मेंटर टाइगर्स के बीच भिड़ंत होगी। दिन का आखिरी मुकाबला रेस्टफुल रॉयल्स और 360 धुरंधर्स के बीच खेला जाएगा। 24 जनवरी को सुपर सैटरडे शोडाउन शनिवार को टूर्नामेंट का सबसे व्यस्त दिन रहेगा, जिसे सुपर सैटरडे शोडाउन नाम दिया गया है। सुबह के सेशन में जेजीएम टाइटंस बनाम एसजे इलेवन, मेंटर टाइगर्स बनाम 360 धुरंधर्स और गौरव इलेवन बनाम प्रगति लीजेंड्स के मुकाबले होंगे। शाम के सेशन में जेके सुपरकिंग्स और जेके चैंपियंस की टक्कर देखने को मिलेगी। इसके बाद रेस्टफुल रॉयल्स बनाम एसजे इलेवन और नक्ष नाइट्स बनाम जेके चैंपियंस के मैच खेले जाएंगे। 25 जनवरी को प्लेऑफ की तस्वीर होगी साफ रविवार को लीग चरण के आखिरी मुकाबले और प्लेऑफ मैच खेले जाएंगे। सुबह सेशन में जेके सुपरकिंग्स बनाम प्रगति लीजेंड्स, जेजीएम टाइटंस बनाम 360 धुरंधर्स, नक्ष नाइट्स बनाम गौरव इलेवन और रेस्टफुल रॉयल्स बनाम मेंटर टाइगर्स के मुकाबले होंगे। शाम को क्वालिफायर-1 में ग्रुप A और ग्रुप B की टॉपर टीमें भिड़ेंगी, जबकि एलिमिनेटर मैच में दोनों ग्रुप की रनरअप टीमें आमने-सामने होंगी। 26 जनवरी को होगा खिताब का फैसला सोमवार, 26 जनवरी को टूर्नामेंट का अंतिम दिन होगा। सुबह क्वालिफायर-2 मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे ग्रैंड फाइनल होगा, जिसमें क्वालिफायर-1 और क्वालिफायर-2 की विजेता टीमें जैन लिगेसी कप 2.0 की ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।


