नेशनल हाईवे 43, अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्यमार्ग में राधापुर बैरियर के पास तेज रफ्तार में बाइक सवार सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराए। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई एवं दो अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर है। तीसरे को मामूली चोटें आई हैं। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र के राधापुर वेयर हाउस में काम कर तीन युवक गुरुवार शाम करीब 7 बजे काम खत्म कर वापस घर लौट रहे थे। तीनों युवक चलता के निवासी हैं। बाइक सवार तीनों युवक नेशनल हाईवे 43 में पहुंचे, जहां तेज रफ्तार में युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
बाइक ट्रक के पिछले हिस्से में टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहेे युवक एवं बीच में बैठे युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे बैठे युवक को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से मृतक एवं घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एक युवक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। सीतापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।


