डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किस्त हस्तांतरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। जिले के 1,48,857 पात्र किसान लाभार्थियों को कुल 14 करोड़ 88 लाख रुपए की राशि जारी की। जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिले के किसान, कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा और सहकारिता विभाग के सहायक रजिस्ट्रार पीथदान चारण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किस्त के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें ग्राम उत्थान शिविरों के उद्देश्यों से भी अवगत कराया गया।


