देवली में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में गुरुवार को हेड कॉन्स्टेबल (HC/GD) के 7वें बैच की दीक्षांत परेड हुई। 324 प्रधान आरक्षकों ने इस ऐतिहासिक परेड के साथ अपने कठोर प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया। इनमें 171 महिला हेड कॉन्स्टेबल शामिल रहीं। सभी आरक्षी स्पोर्ट्स कोटे में चयनित हुए थे। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर जवानों के अनुशासन, दक्षता और समर्पण भावना की सराहना की। इस अवसर पर CISF महानिदेशक प्रवीर रंजन, आईपीएस ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र देवली के प्राचार्य नरेंद्र देव आनंद ने सभी प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। स्पोर्ट्स और फोर्स एक-दूसरे के पूरक
समारोह का संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया ने कहा- स्पोर्ट्स और फोर्स एक दूसरे के पूरक हैं। खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, या तो जीतता है या पूरी क्षमता के साथ जीत का जज्बा रखता है। उन्होंने कहा- सरकार के कोई भी जवान और कर्मचारी को खेलने के लिए छुट्टी और सुविधाएं मिलेगी। इसके अलावा खेल के साथ आप सभी को कोच के रूप में भी ट्रेनिंग मिलेगी। स्पोर्ट्स कोटा में हुआ था चयन
ये बैच CISF में स्पोर्ट्स कोटा के अंतर्गत चयनित किया गया था, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 30 अलग-अलग खेलों के 324 प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल थे। इनडोर और आउटडोर ट्रेनिंग मिली
प्रशिक्षण के दौरान इन प्रशिक्षुओं को इनडोर और आउटडोर दोनों तरह के कठोर प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा। औद्योगिक सुरक्षा प्रबंधन, विमानन सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा, नेतृत्व विकास और सॉफ्ट स्किल्स के साथ-साथ शहरी अभियानों, जंगल युद्ध और आधुनिक हथियारों के साथ शस्त्र संचालन का गहन सामरिक प्रशिक्षण दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं का सम्मान
दीक्षांत समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। हेड कॉन्स्टेबल रिया भाटी को ‘ऑल-राउंड सर्वश्रेष्ठ’, हेड कॉन्स्टेबल मुस्कान को ‘इनडोर प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ’, हेड कॉन्स्टेबल आकाश एस को ‘फायरिंग में सर्वश्रेष्ठ’ और हेड कॉन्स्टेबल चिम्पी गोगोई को ‘आउटडोर प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में CISF के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अपर महानिदेशक विजय प्रकाश (आईपीएस), महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) वी. खामो, उप महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) विनय काजला, उप महानिरीक्षक (आसूचना) अजय दहिया, वरिष्ठ समादेष्टा सुधीर कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। साथ ही जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट टोंक कल्पना अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार (आईपीएस), उपखंड मजिस्ट्रेट रूबी अंसार सहित नागरिक प्रशासन के अधिकारी और प्रशिक्षुओं के परिजन भी समारोह के साक्षी बने। देखें समारोह से जुड़े PHOTOS


