कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी लोगों तक कितनी पहुंचाई जा रही है इसकी पोल गुरुवार को खुल गई। कृषि मत्री किरोड़ीलाल मीणा ने जब किसानों को विभाग की योजनाओं के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं पाया। ऐसे में मंत्री ने अधिकारियों को भी कार्यक्रम में टोक दिया कि लोगों तक जानकारी नहीं पहुंच रही है। दरअसल, कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा गुरुवार को दौसा में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में जिले के किसानों को पांचवीं किस्त जारी की गई थी। कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस बीच उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में पूछा तो दो लोग ही जवाब दे पाए और बाकी ने हाथ खड़ा नहीं किया। इस पर मंत्री ने कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर को से कह दिया कि आप योजनाओं की जानकारी नहीं दे रहे हैं। इस पर सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) अशोक मीणा किसानों को हाथ खड़ा करने का इशारा करते रहे। फिर मंत्री से बोले- ये आपका सवाल नहीं समझ पाए। डोटासरा पर पलटवार, बोले- जांच उधर गई तो 2 दिन में पता नहीं लगेगा और जेल में होंगे कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने फर्जी ओएमआर शीट घोटाला और पेपर लीक को लेकर बड़ा बयान दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा उनकी सरकार आने पर भाजपा के मंत्रियों को जेल भेजने के सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का कोई भी मंत्री गड़बड़ काम नहीं कर रहा। डोटासरा के दिए बयान पर पलटवार करते हुए वे बोले- गोविंद डोटासरा के परिवार और रिश्तेदारी के 6 लोग आरएएस बन गए। उनके लिए यह कह देना आसान है। यदि जांच उधर जाएगी तो 2 दिन में पता नहीं लगेगा और गोविंद डोटासरा जेल के सीखचों में होंगे। बोले-मैंने पिछली सरकार में भी ओएमआर शीट मीडिया के सामने रखी थी मीडिया से बातचीत के दौरान कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा- पिछली सरकार के वक्त मैंने खाली ओएमआर शीट मीडिया के सामने रखी थी। ऐसी ओएमआर शीट, जिन्हें फर्जी नंबर देकर और जो योग्य नहीं थे उनका आरएएस में सिलेक्शन किया। जिन परीक्षार्थियों में सही जवाब दिए, उन्हें तो नंबर नहीं दिए और जिन्होंने जवाब ही नहीं दिए उन्हें परीक्षा में पास करके आरएएस तक बना दिया। कृषि मंत्री ने कहा कि ओएमआर में गड़बड़ी को लेकर मैंने पूर्व की सरकार में कई बार खुलासे किए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हमारी सरकार में ही आरएएस की एक दर्जन ओएमआर एसओजी को देकर आया था कि जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। बोले- खुलासा होने पर बहुत बड़े नाम आएंगे कृषि मंत्री ने कहा कि ओएमआर शीट मामले में खुलासा होने पर बहुत बड़े नाम सामने आएंगे। इनमें कांग्रेस के बड़े पुराने नेता, आरपीएससी के चेयरमैन व 2-3 सदस्य, गोपनीय शाखा के कई अधिकारी-कर्मचारी और माफिया का खुलासा किया जाना जरूरी है। जिन्होंने बेरोजगारों के भाग्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हमारी सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। ये खबर भी पढ़ें… फेल अभ्यर्थियों को पास किया, 38 सरकारी नौकरी लगे:पैसे लेकर 2 नंबर के 206 कर दिए; 5 गिरफ्तार, 60 लाख रुपए जब्त स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए OMR शीट में नंबर बढ़ाने वाली गैंग का खुलासा किया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) के तकनीकी प्रमुख सहित 5 लोगों को एसओजी ने अरेस्ट किया है। जो तीन भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा कर 38 अभ्यर्थियों की सरकारी नौकरी लगा चुके हैं। टीम ने दो आरोपियों के पास से 60 लाख रुपए और डॉक्यूमेंट जब्त किए। (यहां पढ़ें पूरी खबर)


