बानसूर की ग्राम पंचायत मौठूका के ग्राम फतेहपुर में गुरुवार को सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत प्रशासक हंसा चौधरी के नेतृत्व में जेसीबी मशीन की सहायता से की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए गहमागहमी का माहौल रहा। प्रशासक हंसा चौधरी ने बताया कि फतेहपुर के मुख्य आबादी क्षेत्र में लंबे समय से सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण था। इस कारण सड़क निर्माण कार्य में बाधा आ रही थी और आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद ग्राम पंचायत ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद ग्राम पंचायत ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए गुरुवार को जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों की उपस्थिति रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासक चौधरी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्ते गांव की सामूहिक संपत्ति हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से सार्वजनिक भूमि या रास्तों पर भविष्य में अतिक्रमण न करने की अपील की। ग्राम पंचायत ने ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।


