सीहोर के भीमकोठी जंगल में बाघ का शव मिला:वन विभाग ने मौत के कारणों की जांच शुरू की; डॉक्टरों की टीम को घटनास्थल पर बुलाया

सीहोर जिले के बुधनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत भीमकोठी के जंगल में गुरुवार को एक बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए टाइगर रिजर्व के डॉक्टरों की एक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। रेंजर, एसडीओ, डीएफओ सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। डॉक्टरों की टीम द्वारा बाघ के शव का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, बाघ की मौत संदिग्ध मानी जा रही है और जांच जारी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी राजित द्विवेदी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों और चिकित्सकों की मौजूदगी में बाघ का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा, जिसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *