भारतीय किसान संघ की जिला बलौदा बाजार इकाई के प्रतिनिधि मंडल ने किसानों को धान खरीदी में आ रही समस्याओं और खरीदी की समय सीमा 15 फरवरी तक बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि वर्तमान में धान खरीदी की अवधि समाप्त होने में मात्र 5 दिन शेष हैं, जबकि बड़ी संख्या में किसान अब भी अपनी उपज बेचने से वंचित हैं। ऐसे में समय सीमा नहीं बढ़ाई गई तो कई किसानों का धान खरीदा जाना संभव नहीं हो पाएगा। किसान संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि इस वर्ष किसानों को शुरुआत से ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। धान बुवाई के समय खाद और बीज की समस्या रही। इसके बाद धान खरीदी के दौरान एग्रीस्टेक, एकीकृत पोर्टल, रकबा संशोधन और टोकन संबंधी तकनीकी दिक्कतों ने किसानों को परेशान किया। भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया भी बाधा बनी हुई है।


