लुधियाना| लुधियाना के पॉश इलाके बीआरएस नगर ई-ब्लॉक में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। तीन दिन से बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर 3–4 अज्ञात चोरों ने करीब 3 से 4 लाख रुपए नकद और सोने के गहने चुरा लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित जसमीत सिंह ने बताया कि वह परिवार समेत भाई की शादी में देहरादून/मसूरी गए हुए थे। तीन दिन बाद 20 तारीख को जब घर लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो मेन बेडरूम में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का ताला भी तोड़ा गया था। अलमारी से सोने के गहने, सोने के सेट और करीब 3–4 लाख रुपए की नकदी गायब थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में 3–4 संदिग्ध युवक घर के बाहर रेकी करते दिखाई दिए। कुछ देर बाद चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और करीब 20 मिनट अंदर रहने के बाद चोरी का माल लेकर फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि वारदात पेशेवर तरीके से की गई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।


