पटना | अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के दो वर्ष पूरे होने पर श्रीराम सेना सेवा समिति ने 22 जनवरी को नगर पंचायत पटना में श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली। धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव से ओत-प्रोत इस शोभायात्रा ने पूरे नगर को राममय बना दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ पटना स्थित दक्षिण मुखी श्री हनुमान मंदिर से हुआ। इससे पूर्व श्रीहनुमान मंदिर प्रांगण में भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना, रामायण पाठ और भोग-भंडारे का आयोजन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भोग ग्रहण किया। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भगवान हनुमान जी की आकर्षक झांकियां सजाई, जिन्होंने नगरवासियों का मन मोह लिया। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और आरती उतारकर स्वागत किया।


