भास्कर न्यूज | बालोतरा मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार 25 जनवरी 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर बालोतरा जिले के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के समस्त मतदान केंद्रों पर मतदाता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वरसिंह चौहान ने बताया कि 25 जनवरी को सुबह 11 बजे राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य आयोजन पंचायत समिति सभागार में किया जाएगा। वहीं सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए समस्त सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नव मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र वितरण, ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) गतिविधियां, ई-ईपिक, डाक मतपत्र, होम वोटिंग, सी-विजिल, वीएचएपी-1950 हेल्पलाइन, एनजीआरएस पोर्टल की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मतदाता सूची का पठन, महिला मतदाता, विशेष योग्यजन, ट्रांसजेंडर एवं अन्य वंचित वर्ग के मतदाताओं के पंजीकरण तथा ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा। इसी क्रम में 23 जनवरी से 25 जनवरी तक किसी एक दिवस को जिले के विद्यालयों में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। सभी स्कूलों में मतदाता जागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए वाद-विवाद, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।


