नमी वाली हवाएं पश्चिमी राजस्थान में पहुंची, इसलिए बने बादल, बूंदाबांदी भी हो रही

भास्कर न्यूज | बाड़मेर मौसम में गुरुवार को बदलाव देखने को मिला। सुबह जब उठे तो सूरज की धूप गायब थी, आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर 1 बजे के बाद अचानक तेज हवा शुरू हो गई। ग्रामीण इलाकों में धूलभरी आंधी चली। 15-20 किमी.प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ ही बादलों की आवाजाही रही। इससे धूप का असर नहीं रहा। रात को भी आसमान में बादल छाए हुए रहे। शहर में रात 12:30 बजे के करीब बूंदाबांदी शुरू हुई। गुरुवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 29.3 और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। नए साल की शुरूआत कड़ाके की सर्दी से हुई, जिसमें 15 दिनों तक तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। जबकि अब पिछले कुछ दिनों से सर्दी से राहत मिली है। अब मौसम में बदलाव के साथ ही अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। इससे अब सर्दी के तेवर तेज होने वाले हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अरब सागर और पश्चिमी क्षेत्रों से नमी लेकर आने वाली हवाएं पश्चिमी राजस्थान तक पहुंच रही हैं। इसी वजह से बादल छा रहे हैं, तेज हवाएं चल रही हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है। बादलों की मौजूदगी से दिन में धूप कमजोर रहती है, लेकिन जैसे ही सिस्टम आगे बढ़ता है, उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाएं तापमान को तेजी से गिराती हैं। आने वाले 3–4 दिनों तक जिले में बादल छाए रहने की संभावना है। शुक्रवार अलसुबह कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद बादलों के छंटते ही बर्फीली हवाएं चलने की आशंका है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और सर्दी के तेवर एक बार फिर तीखे हो जाएंगे। रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। दिन में भी सर्दी का असर महसूस किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *