काठीटांड़ क्षेत्र में बैरिकेड हटाने को लेकर कांग्रेस नेता राजीव रंजन राजू ने प्रशासन को जल्दबाज़ी न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में काठीटांड़ क्षेत्र के अधिकांश कट बंद हैं, जिससे स्थानीय व्यापार के साथ-साथ आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राजीव रंजन राजू ने स्पष्ट किया कि जब तक बैरिकेड हटाने से पहले कोई ठोस और स्थायी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तैयार नहीं हो जाती, तब तक बैरिकेड खोलना जनहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जब-जब बैरिकेड खोला गया है, तब-तब क्षेत्र में गंभीर जाम की स्थिति बनी है। इससे मांडर, लोहरदगा और पलामू की ओर से आने-जाने वाले लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि काठीटांड़ क्षेत्र से पहले अतिक्रमण हटाया जाए। इसके साथ ही बड़े गोलचक्कर का निर्माण कर ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके।


