शंकरगढ़ | शंकरगढ़ ब्लॉक में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अहम कदम उठाया है। इसके तहत विभिन्न मंडलों में मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। जारी सूची के अनुसार कमारी मंडल से रामसुंदर सिंह, जमडी मंडल से रामशरण यादव, डीपाडीह कला मंडल से कृष्णा नाग और जोकापाठ मंडल से हृदयानंद यादव को मंडल अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के बाद शंकरगढ़ ब्लॉक के सभी मंडलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों के चयन पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त कर इसे संगठन के लिए सकारात्मक और मजबूत करने वाला कदम बताया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अनुभवी, सक्रिय और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले नेताओं को यह जिम्मेदारी मिलने से कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा। इससे न केवल संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि जनता की समस्याओं को भी मजबूती के साथ उठाया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नए मंडल अध्यक्ष कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही विभिन्न मंडलों में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और नवनियुक्त अध्यक्षों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता आवश्यक है और नए नेतृत्व के साथ पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।


