शासकीय हाई स्कूल निपानिया कला का मामला खाचरोद| आष्टा विकासखंड के निपानियाकलां गांव के शासकीय हाई स्कूल में छात्राओं से झाड़ू लगवाई जा रही है। जबकि शासन ने स्कूलों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की है। उन्हें वेतन भी दिया जाता है। इसके बावजूद यहां सफाई का जिम्मा बच्चों पर डाल दिया गया है। छात्राओं ने बताया कि हर दिन बारी-बारी से उन्हें अपनी कक्षा की सफाई करनी पड़ती है। यह काम पढ़ाई के साथ करना होता है। स्कूल प्राचार्य विष्णु शर्मा ने कहा कि स्कूल में कोई सफाई कर्मचारी नहीं है। इसलिए छात्र-छात्राओं से ही सफाई कराई जाती है। शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति से अनजान बने हुए हैं। इस बारे में आष्टा की ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने बताया कि आपके माध्यम से मुझे जानकारी प्राप्त हुई है, जांच करवाती हूं।


