अंजड में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ:सकल हिन्दू समाज ने शोभायात्रा निकाली, घरों में जले दीपक

बड़वानी जिले के अंजड नगर में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर भगवान श्रीरामचंद्रजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सकल हिन्दू समाज और शिवालय प्रभात फेरी के तत्वावधान में यह शोभायात्रा भोंगली नदी किनारे स्थित प्राचीन शिवालय मंदिर से रात्रि 9:30 बजे शुरू हुई। शोभायात्रा नगर के राजपुर रोड, श्रीकृष्ण चौक, बसस्टैंड, सराफा बाजार और जटाशंकरी चौक से हनुमान मोहल्ला होते हुए देर रात वापस शिवालय मंदिर पहुंची। यहां भगवान श्रीरामचंद्रजी की महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। शोभायात्रा में युवा बैंड पर भगवान श्रीराम के भजनों पर थिरकते हुए चल रहे थे। पुरुष भगवा वस्त्र धारण कर हाथों में भगवा ध्वज लिए ‘जय श्रीराम’ का जयघोष कर रहे थे। महिलाएं बैंड की धुन पर गरबा रास करती हुई शोभायात्रा में शामिल थीं। सुसज्जित बग्गी में भगवान राम की प्रतिमा निकाली सबसे आखिर में रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और भगवा ध्वजों से सुसज्जित बग्गी में भगवान श्रीरामचंद्रजी की प्रतिमा विराजमान थी। शोभायात्रा के दौरान रास्ते भर जमकर आतिशबाजी की गई और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय से ही शिवालय प्रभात फेरी की शुरुआत की गई थी। दो वर्ष पूर्व शुरू हुई यह प्रभात फेरी कड़ाके की ठंड, गर्मी या बारिश की परवाह किए बिना प्रतिदिन सुबह 5 बजे शिवालय मंदिर से निकाली जाती है। इसमें महिलाएं और पुरुष ढोलक, झांझ-मंजीरों और शंख ध्वनि के साथ ‘श्रीराम जयराम जयजय राम’ की धुन पर चलते हैं। यह क्रम अनवरत जारी है। श्रीराम मंदिर की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार शाम पूरे नगर में दीपावली जैसा माहौल रहा। सभी नगरवासियों ने अपने-अपने घरों के आगे दीपक जलाकर रोशनी की और आतिशबाजी कर यह वर्षगांठ मनाई। इसी क्रम में ठीकरी रोड स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के चारों ओर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए और आतिशबाजी की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *