पटवारी का इमोशनल अत्याचार, बोले-कसम खाओ, बीजेपी को हराओगे:दिल्ली से बताया, फिर भी भाजपा ने ‘नए बॉस’ का नाम गलत लिखा; अब प्राचार्य कुत्ते भगाएंगे

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। अतिथि शिक्षकों से जीतू पटवारी ने किया बड़ा वादा
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे अतिथि शिक्षकों को पहले खरी-खरी सुनाई, फिर भावुक होते हुए उनसे बीजेपी को हराने और कांग्रेस को जिताने की कसम दिलाई और फिर नियमित करने का बड़ा वादा कर दिया। पटवारी बड़वानी के सेंधवा के दौरे पर थे। उन्होंने मंच से अतिथि शिक्षकों से सीधे सवाल-जवाब किए। पूछा- आपको समय पर तनख्वाह मिलती है? इस पर जवाब आया- नहीं। फिर पटवारी ने अगला सवाल किया- क्या अब बीजेपी को वोट दोगे। पटवारी ने थोड़ा इमोशनल होते हुए कहा- आप हमें हराते हो और फिर हमसे ही न्याय मांगते हो। अगर हमें ताकत दोगे तो हम आपकी लड़ाई लड़ेंगे। इसके बाद उन्होंने अतिथि शिक्षकों से बीजेपी को हराने और कांग्रेस को जिताने की कसम दिलवाई और अतिथि शिक्षकों को नियमित करने का वादा कर दिया। पटवारी के ऐलान पर भले ही तालियां बजी। लेकिन सियासत की यादें कुछ और ही कहानी बयां करती हैं। 2018 के चुनाव में भी कांग्रेस ने अतिथि शिक्षकों को नियमित करने का वादा किया था। इसी बहाने सिंधिया सड़कों पर उतर आए थे और कांग्रेस सत्ता से बेदखल हो गई थी। खरी बात ये है कि अतिथि शिक्षकों का दर्द आज भी जस का तस है और नेताओं के वादे आज भी चुनावी भाषणों तक सिमटे हुए हैं। बीजेपी में नए बॉस का नाम ही गलत लिखा जा रहा
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है- नितिन नवीन। लेकिन मध्य प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं और दफ्तरों की हालत ऐसी है कि नए बॉस का नाम ही सही-सही नहीं लिखा पा रहे। बीजेपी दफ्तर से लेकर चौक-चौराहों तक जगह-जगह पोस्टर और बैनर लगे हैं, लेकिन उनमें ‘नितिन नवीन’ की जगह बड़े-बड़े अक्षरों में ‘नितिन नबीन’ लिखा हुआ नजर आ रहा है। ये हालात तब है जब दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय से बाकायदा सर्कुलर जारी किया गया है कि पार्टी के नए अध्यक्ष का नाम ‘नितिन नवीन’ लिखा जाएगा, न कि ‘नबीन’। यह सर्कुलर मीडिया तक तो पहुंच गया, लेकिन लगता है कि एमपी के बीजेपी दफ्तर तक पहुंचने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा। टीचर्स की अब ‘कुत्ता भगाओ ड्यूटी’ भी लग रही
स्कूल में टीचर बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ कुत्तों को भगाने का काम भी करेंगे। छतरपुर जिले में शिक्षा विभाग ने बाकायदा आदेश जारी किया। जिसमें प्राचार्यों की कुत्ते भगाने में ड्यूटी लगाई है। स्कूल परिसरों में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्राचार्यों और स्टाफ को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे यह भी सुनिश्चित करें कि स्कूल के अंदर कुत्ते न घुसें। मतलब साफ है- पढ़ाई भी कराओ और इस बात पर भी नजर रखो कि स्कूल परिसर में कोई आवारा कुत्ता न घुस जाए। एमपी में कुछ अन्य जिलों में भी इस तरह के आदेश जारी हो चुके हैं। जिस पर स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा था कि बच्चों की सुरक्षा के लिए जैसे माता-पिता आगे आते हैं, वैसे ही शिक्षक भी पालक की भूमिका में होते हैं। अगर कोई खतरा है तो उसे भगाना भी उनकी जिम्मेदारी है। यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाला वीडियो
भोपाल के वीआईपी रोड का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वीडियो में एक बाइक पर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे सात युवक सवार नजर आ रहे हैं। आम तौर पर जितने लोग एक कार में भी ठीक से नहीं बैठ पाते, उतने लोग इस बाइक पर लद गए। सड़क पर यह नजारा किसी स्टंट शो से कम नहीं लग रहा, लेकिन हकीकत में यह बड़ी और खतरनाक लापरवाही है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ शहर के वीआईपी रोड पर हुआ, जहां आमतौर पर पुलिस की गश्त रहती है। इसके बावजूद इन ‘खतरों के खिलाड़ियों’ पर किसी पुलिसकर्मी की नजर तक नहीं पड़ी। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), शाकिब खान (भोपाल), सचिन राठौर (बड़वानी), राजेश चौरसिया (छतरपुर) ये भी पढ़ें –
महापौर को कहा मुल्ला, चेहरे पर लगाई दाढ़ी: हिंदू सम्मेलन में जाने पर कांग्रेस विधायक की शिकायत हरदा जिले के टिमरनी से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह इन दिनों अपनों के ही निशाने पर आ गए हैं। बीते दिनों वे एक हिंदू सम्मेलन में शामिल हुए थे, जिस पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे पार्टी की घोषित विचारधारा के खिलाफ बताया है। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *