भारतीय किसान यूनियन आजाद हिंद के जिलाध्यक्ष राजा राम पाण्डेय ने चित्रकूट जिले से भूसा बाहर भेजे जाने पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि रामनगर ब्लॉक से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भूसा प्रयागराज के ईंट-भट्ठों को भेजा जा रहा है। पाण्डेय के अनुसार, जिले से लगातार भूसा बाहर भेजे जाने के कारण स्थानीय स्तर पर पशु चारे का गंभीर संकट पैदा हो गया है। इसका सीधा असर गौशालाओं पर पड़ रहा है, जहां पर्याप्त भूसा न मिलने के कारण गौवंशों को धान की पयरी खिलाने की मजबूरी बन गई है। उन्होंने बताया कि पयरी पशुओं के स्वास्थ्य के लिए उपयुक्त नहीं है, जिससे गौवंश कमजोर हो रहे हैं। कई जगहों पर भूख और कुपोषण से गौवंशों की मौत की स्थिति भी सामने आ रही है। किसान नेता ने यह भी आरोप लगाया कि भूसा ले जाने वाले वाहन मुख्य रूप से मऊ थाना क्षेत्र से गुजरते हैं। इन वाहनों में खुलेआम ओवरलोडिंग की जा रही है और यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा है। राजा राम पाण्डेय ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जिले में गौवंश संरक्षण की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की है, तो चारे को बाहर भेजने की अनुमति कैसे दी जा रही है। उन्होंने जिले से बाहर भूसा सप्लाई पर तत्काल रोक लगाने, ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और सभी गौशालाओं में पर्याप्त व गुणवत्तापूर्ण चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भारतीय किसान यूनियन जिलेभर में आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


