वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। यहां बीती रात से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार सुबह से ही जिले के कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी है। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में बरसात का दौर जारी है। इस बरसात को किसान फसलों के लिए लाभदायक मान रहे हैं। विशेष रूप से गेहूं, चना, जौ और सरसों की फसलों को बारिश से अच्छा फायदा मिलने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज मेघगर्जन के साथ वज्रपात, ओलावृष्टि तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के बाद जिले में सर्दी का असर और बढ़ सकता है। यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।


