बलरामपुर-रामानुजगंज के कुसमी विकासखंड मुख्यालय के बस स्टैंड प्रांगण में एक विशाल हिंदू सम्मेलन और श्री राम रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर हुआ। मुख्य वक्ता इंदर भगत ने अपने संबोधन में जनजाति समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक और आर्थिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने गहिरा गुरु, भगवान बिरसा मुंडा और राजमोहिनी देवी जैसे गौरवशाली व्यक्तित्वों के योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया। दूसरे मुख्य वक्ता चंद्रशेखर वर्मा ने हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। उन्होंने समाज को जाति-उपजाति से ऊपर उठकर संगठित रहने और युवाओं को संस्कारों से जोड़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल ने किया। समापन अवसर पर मंडल पालक विशाल गुप्ता ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों और ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद अध्यक्ष बसंती भगत सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज प्रमुख मौजूद रहे। रथ यात्रा से नगर में छाया भक्तिमय माहौल सम्मेलन से पहले एक भव्य श्री राम रथ यात्रा निकाली गई। यह यात्रा बाबा चौक से शुरू होकर बस स्टैंड होते हुए श्री राम मंदिर पहुंची। श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की सजीव झांकी, ढोल-नगाड़ों और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। आयोजन समिति ने नगर को भगवा ध्वज और तोरणों से सजाया था।


