भास्कर न्यूज | पटना ग्राम छिंदिया में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के अंतर्गत कथा के दौरान श्रद्धालुओं को सती प्रसंग, ध्रुव चरित्र और कपिलो पाख्यान के माध्यम से सृष्टि विस्तार की दिव्य कथा का रसपान कराया गया। कथा स्थल पर सुबह से ही भक्तों की उपस्थिति रही और पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा व आध्यात्मिक चेतना से सराबोर दिखाई दिया। कथा वाचक राकेश शुक्ला ने सरल, रोचक और भावपूर्ण शैली में प्रसंगों का वर्णन किया। सती प्रसंग के माध्यम से उन्होंने नारी सम्मान, पति भक्ति व आत्मगौरव के महत्व को रेखांकित किया। वहीं ध्रुव चरित्र की कथा सुनाते हुए उन्होंने अटूट संकल्प, गुरु कृपा और ईश्वर भक्ति से अल्प आयु में महान लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरक सीख दी। कपिलो पाख्यान के अंतर्गत सृष्टि विस्तार की कथा सुनाकर मानव जीवन, प्रकृति और ईश्वर के आपसी संबंधों को गहराई से समझाया। कथावाचक ने कहा श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला मार्गदर्शक है। कथा सुनने से मनुष्य के विचार शुद्ध होते हैं और समाज में सकारात्मकता का संचार होता है। उनके प्रवचनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजन-कीर्तन में भी सहभागी बने। आयोजकों ने जानकारी दी कि 27 जनवरी को श्रीमद्भागवत कथा का समापन होगा, जिसमें सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। सुदामा चरित्र के माध्यम से मित्रता, त्याग, संतोष और सच्ची भक्ति का संदेश दिया जाएगा, जो प्रत्येक व्यक्ति के जीवन के लिए अनुकरणीय है। कथा के सफल आयोजन के लिए ग्राम के युवा व वरिष्ठजन व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। आयोजन की व्यवस्था में आकाश यादव, प्रशांत कुशवाहा, कृष्ण कुमार, तिलेश्वर, योगेश, सचिन, धीरेंद्र, अभिषेक कुशवाहा सहित शिव प्रताप सिंह व अन्य सहयोगी निरंतर सेवा दे रहे हैं।


