बिना मर्जी शादी से युवती नाराज, आत्महत्या करने वाटरफॉल पहुंची:रीवा में ढाई घंटे तक मुहाने पर खड़ी रही, पुलिस की समझाइश के बाद मानी

रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरवा वाटरफॉल से शुक्रवार को एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवती ने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की संवेदनशीलता और समझाइश से करीब 2 घंटे 30 मिनट की मशक्कत के बाद युवती की जान बचा ली गई। जानकारी के अनुसार युवती पुरवा वाटरफॉल घूमने आई थी। इसी दौरान वह रेलिंग पार कर वाटरफॉल के मुहाने (डेड लाइन) तक पहुंच गई। नीचे गहरी खाई होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई। युवती को इस हालत में देखकर आसपास मौजूद सैलानियों ने तुरंत उसे रोकने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। हाथ हिलाकर अलविदा कहने से थम गईं सांसें
सूचना मिलते ही सेमरिया थाना प्रभारी विकास कपीस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवती से लगातार संवाद बनाए रखा, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। एक समय युवती द्वारा हाथ हिलाकर अलविदा कहने पर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। संयम, संवेदनशीलता और संवाद से बदला युवती का फैसला
पुलिस टीम ने पूरे संयम के साथ युवती को उसके परिजनों की याद दिलाई, उससे भावनात्मक बातचीत की और लगातार समझाइश देती रही। करीब ढाई घंटे की कड़ी कोशिशों के बाद युवती ने अपना इरादा बदल दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे मौके पर मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली। पारिवारिक तनाव में उठाया कदम
पुलिस के मुताबिक युवती रीवा जिले की ही निवासी है। वह पारिवारिक फैसलों से नाराज थी। युवती का कहना था कि वह अपनी पसंद से शादी करना चाहती है, लेकिन परिजन इसके खिलाफ हैं और उस पर कहीं और शादी का दबाव बना रहे हैं। इसी मानसिक तनाव में वह वाटरफॉल पहुंची थी। परिजनों के सुपुर्द की गई युवती
सेमरिया थाना प्रभारी विकास कपीस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लगातार समझाइश देकर युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। बाद में परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिन्हें युवती सौंप दी गई। परिजनों को भी समझाइश देकर वापस भेजा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *