राजस्थान सरकार ने राजस्थान संपर्क शिकायत निवारण पोर्टल पर एक नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत अब शिकायतों के निस्तारण के बाद उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) सीधे शिकायतकर्ता को वॉट्सऐप पर भेजी जाएगी। इस नई व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित एटीआर का वॉट्सऐप लिंक सीधे शिकायतकर्ता के मोबाइल पर भेजा जाएगा। इससे लोगों को बार-बार पोर्टल खोलने की आवश्यकता नहीं होगी। एपीएआरओ राजपाल ने बताया कि जन अभियोग निराकरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई है। यह सुविधा शिकायतकर्ता को विभागीय कार्रवाई की पूरी जानकारी सरल और स्पष्ट रूप में प्रदान करेगी। इस नई प्रणाली के तहत, शिकायतकर्ता वॉट्सऐप के माध्यम से अपना फीडबैक भी दे सकेंगे। यदि समाधान संतोषजनक नहीं होता है, तो वे अपनी बात सरकार तक आसानी से पहुंचा पाएंगे। इससे अधिकारियों पर जवाबदेही बढ़ेगी और शिकायतों का बेहतर समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। वॉट्सऐप के जरिए एटीआर भेजने की यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस सुविधा से शिकायत निस्तारण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और आमजन को समय पर जानकारी मिल पाएगी। डिजिटल माध्यम से सूचना मिलने से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।


