डीडवाना के राजकीय बांगड़ कॉलेज में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के देखरेख में प्री-राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर काॅलेज परिसर में विद्यार्थियों और स्टाफ को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के तहत निबंध लेखन, चित्रकला, पोस्टर निर्माण, मतदाता जागरूकता प्रश्नोत्तरी और नाटक मंचन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार मतदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल और संकाय सदस्यों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि युवा मतदाता देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। उन्होंने मतदाता जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने और अपने मताधिकार का सदुपयोग करने का संकल्प लिया।


