अमृतसर में बब्बर खालसा का आतंकी गिरफ्तार:हैंड ग्रेनेड और हथियार बरामद, विदेशी हैंडलरों के इशारों पर कर रहा था काम

गणतंत्र दिवस से ठीक पहले पंजाब पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। डीजीपी गौरव यादव की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) अमृतसर ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आतंकी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से एक हैंड ग्रेनेड, एक मॉडर्न पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी किसी सुरक्षा प्रतिष्ठान पर बड़े हमले की तैयारी में था। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित आतंकी हमले को टाल दिया गया। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह ऑपरेशन गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम था, क्योंकि आतंकी संगठन इस दौरान बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। विदेशी हैंडलरों के इशारों पर काम कर रहा था जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी विदेश में बैठे आतंकी हैंडलरों के इशारों पर काम कर रहा था। इन हैंडलरों की पहचान निशान जौरियन, आदेश जमाराई और सिम्मा देओल के रूप में हुई है, जो विदेश से पंजाब में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहे थे। आरोपी को हथियार उपलब्ध करवाने और हमले की साजिश रचने में इनकी अहम भूमिका बताई जा रही है। आरोपी से की जा रही पूछताछ इस मामले में थाना SSOC अमृतसर में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, फंडिंग और संपर्कों का भी खुलासा किया जा सके। डीजीपी गौरव यादव ने साफ कहा कि पंजाब पुलिस आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पंजाब पुलिस लगातार खुफिया तंत्र को मजबूत कर रही है और हर साजिश पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि प्रदेश में अमन-चैन बना रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *