बूंदी शहर के कुंभा स्टेडियम में आगामी 30 जनवरी से चार दिवसीय संभाग स्तरीय ‘आरोग्य मेले’ का आयोजन किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने गुरुवार को संयुक्त रूप से मेले के प्रचार-प्रसार फोल्डर का विमोचन किया। यह आरोग्य मेला 30 जनवरी से शुरू होकर 2 फरवरी तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय पद्धतियों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग उपनिदेशक बूंदी डॉ. मालती पारीक, जिला आयुर्वेद अस्पताल बूंदी के पीएमओ डॉ. सुनील कुशवाह और सहायक निदेशक डॉ. भोलेश कुमार जैन ने मेले की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में ओएसडी डॉ. श्रीराम तिवारी, आयुर्वेद विभाग कोटा संभाग की अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजना शर्मा और आयुर्वेद महाविद्यालय कोटा के प्रिंसिपल डॉ. नित्यानंद शर्मा भी मौजूद रहे।


