कोटपूतली-बहरोड़ जिले में राज्य सरकार के निर्देश पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों और किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इसके तहत खेलना गिरदावरी सर्किल के लाडा का बास ग्राम पंचायत भवन में ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किया गया। पावटा उपखंड अधिकारी डॉ. साधना शर्मा ने बताया कि शिविर में 12 विभागों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे और पात्र लोगों को योजनाओं से मौके पर ही जोड़ा गया। इससे ग्रामीणों के कई लंबित कार्य तुरंत पूरे हो रहे हैं और उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। युवा और किसानों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से युवाओं और किसानों को कृषि, पशुपालन, डेयरी, उद्योग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अधिकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ के बारे में सीधे संवाद कर रहे हैं। मृदा कार्ड से किसानों को मिला फसल चयन में लाभ शिविर में पहुंचे किसानों ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड के जरिए उन्हें अपने खेत की मिट्टी की किस्म और गुणवत्ता की जानकारी मिली है। इससे अब वे अपनी भूमि के अनुसार अधिक उपज देने वाली फसलों का चयन कर सकेंगे, जिससे पैदावार बढ़ने और आय में सुधार की उम्मीद है। एक पशुपालक ने बताया कि पशुपालन विभाग की ओर से दुधारू पशुओं की सेहत और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए मिनरल मिक्सर के पैकेट वितरित किए गए। नियमित रूप से मिनरल मिक्सर खिलाने से पशुओं की कार्यक्षमता बढ़ती है और वे स्वस्थ रहते हैं।


