करौली के गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई। इस दौरान महाविद्यालय परिसर धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर रहा। प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. जमुनालाल मीणा ने मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण कर दीप प्रज्वलन किया। इसके बाद शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं ने सामूहिक वंदना की। प्राचार्य डॉ. जमुनालाल मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि मां सरस्वती ज्ञान, बुद्धि, विवेक और कला की प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य छात्राओं में शैक्षणिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक संस्कारों का विकास करना है। डॉ. मीणा ने विश्वास व्यक्त किया कि इससे छात्राओं में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ेगी और महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रेरणादायक बनेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. ऋषि कुमार शर्मा, डॉ. हरिकश मीना, श्रीमती रिंकी गुप्ता, डॉ. मंजू शर्मा सहित अन्य संकाय सदस्य, प्रशासनिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों और छात्राओं को भोजन प्रसादी वितरित की गई। महाविद्यालय परिवार ने इस पहल को शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


