सोलर प्लांट से कॉपर केबल चोरी, 10 पंप बंद:चोरों ने रात में वारदात को अंजाम दिया, सिंचाई ठप, बाइक छोड़कर भागे

दुर्ग जिले के पाटन तहसील अंतर्गत ग्राम खपरी में स्थापित सौर सामुदायिक सिंचाई परियोजना में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए सोलर प्लांट से कीमती कॉपर केबल चोरी कर ली, जिससे पूरी सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है। मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का है। क्रेडा विभाग में मैकेनिक याद राम मरकाम की शिकायत के अनुसार, यह चोरी 21 जनवरी की रात 11 बजे से 22 जनवरी की रात 2 बजे के बीच हुई। चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से सोलर पंप और कंट्रोल रूम में लगे कॉपर केबल काटे और मौके से फरार हो गए। केबल चोरी से सोलर पंप बंद निरीक्षण में पाया गया कि चोरों ने लगभग 100 मीटर 10 एमएम– 3 कोर कॉपर केबल और करीब 50 मीटर 6 एमएम–1 कोर डीसी केबल चुराए हैं। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपए है। इस घटना के कारण परियोजना के 10 सोलर पंप पूरी तरह बंद हो गए हैं। रात में संदिग्ध की मौजूदगी, ग्रामीण ने देखा भागते हुए पूछताछ के दौरान, सोलर प्लांट के पास रहने वाले ग्रामीण दयाल निषाद ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी की रात कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर वह जागे। टॉर्च जलाने पर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर अंधेरे में भाग गया। मौके पर एक प्लास्टिक बोरी में कटे हुए कॉपर केबल भी मिले। मौके पर छोड़ी गई बाइक से सुराग छोड़ी गई बाइक पर CG 05 X 6110 नंबर अंकित था। सौर सामुदायिक सिंचाई परियोजना के तहत खपरी गांव में 10 सोलर पंप लगाए गए हैं, जिनकी देखरेख के लिए दो ऑपरेटर नियुक्त हैं। चोरी के बाद सभी पंप बंद हो गए हैं, जिससे किसानों की फसलों की सिंचाई पर सीधा असर पड़ा है और उनकी चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी रानीतराई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ और जांच तेज कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *