बारां की सदर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन नशा विनाश’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 4 किलो 807 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनसे अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नशा विनाश’ चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के पर्यवेक्षण और पुलिस उपाधीक्षक हरिराम सोनी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सदर थानाधिकारी हीरालाल के नेतृत्व में गठित टीम ने इंदिरा आवास कॉलोनी, बारां निवासी शिवप्रकाश उर्फ शिवा पुत्र छोटूलाल के कब्जे से 2 किलो 885 ग्राम गांजा जब्त किया। वहीं, बबलू पुत्र गोबरीलाल से 1 किलो 922 ग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस प्रकरण का अनुसंधान कोतवाली सीआई योगेश चौहान को सौंपा गया है। पुलिस आरोपियों से गांजे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।


