राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन राहुल कावट और मेंटोर पंकज सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिसके बाद न सिर्फ खिलाड़ी और क्रिकेट लवर्स बल्कि, राजस्थान सरकार के सामने भी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की मौजूदा स्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। शुक्रवार शाम दोनों राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की सीनरी सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन राहुल कावट और पंकज सिंह ने एडहॉक कमेटी कन्वीनर दीनदयाल कुमावत और कमेटी के चारों सदस्यों को ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा दिया। जिसमें दोनों ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के मौजूदा हालात में काम करने को लेकर असमर्थता जाहिर की है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में सीनियर सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन राहुल कावट ने कहा कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के मौजूदा हालात काफी खराब है। हम खिलाड़ियों के हित में काम करने के लिए यहां आए थे लेकिन फिलहाल जो कंट्रोवर्सी राजस्थान क्रिकेट में चल रही है। उससे सबसे ज्यादा अहित खिलाड़ियों का ही हो रहा है। कन्वीनर और मौजूद सदस्यों में बन नहीं रही है। जिसकी वजह से हम लोगों को जहां खिलाड़ियों के लिए काम करना चाहिए था। वही कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं जो पूरी तरह गलत है। ऐसे में इन हालात से परेशान होकर मैंने और पंकज सिंह ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। क्योंकि हम इस तरह के हालात में काम नहीं कर सकते या फिर यह कहे कि जो भी व्यक्ति क्रिकेट की भलाई के लिए काम करना चाहता है। वह फिलहाल राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में काम नहीं कर सकता है। दरअसल, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सीनियर सिलेक्शन कमेटी के सिलेक्टर्स ने बीते दिनों एडहॉक कमेटी के पदाधिकारियों से मुलाकात भी की थी। जिसके बाद से ही राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में विवाद की स्थिति शुरू हो गई थी। जिसके बाद अब दीनदयाल कुमावत के खास माने जाने वाले सीनियर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन राहुल कावट और मेंटोर पंकज सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि इस पूरे विवाद पर अब एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने जानकारी नहीं होने की बात कही है। इस पूरे मामले पर जब हमने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की अधो कमेटी कन्वीनर दीनदयाल कुमावत से उनका पक्ष जानना चाहा। तो उन्होंने बताया कि मुझे फिलहाल राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के किसी भी मेंटोर या सिलेटर के इस्तीफा की जानकारी नहीं है। वहीं एडहॉक कमेटी के सदस्य धनंजय सिंह खींवसर ने कहा यह एक गंभीर विषय है। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है कि लगातार राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सिलेक्टर्स अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।


