छतरपुर में अग्रवाल समाज ने बसंत पंचमी के अवसर पर 12 साधनहीन कन्याओं का सामूहिक विवाह आयोजित किया। यह कार्यक्रम शुक्रवार को महालक्ष्मी मंदिर के पास स्थित मिलाप गार्डन में हुआ। यह पहली बार था जब अग्रवाल समाज ने विभिन्न समाजों की कन्याओं के लिए सामूहिक विवाह की पहल की। समारोह में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, न्यायिक अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के साथ ही उनकी नई जिंदगी की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भेंट की गई। अग्रवाल समाज के मीडिया प्रभारी रामकिशोर अग्रवाल ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को विदाई में मां महालक्ष्मी की फोटो, रामायण, कलश सेट, लहंगा, साड़ियां, ज्वैलरी, घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री दी गई। समाज के अन्य सदस्य और समाजसेवी भी अपनी ओर से उपहार भेंट किए। पूर्व विधायक उमेश शुक्ला ने द्वीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर शोभा यात्रा के साथ मंडप पहुंचे, जहां वधुओं ने जयमाला पहनाकर उनका वरण किया। तीन अलग-अलग पंडालों में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ। बेटी की विदाई शहनाई की धुन पर पालकी में कराई गई। अतिथियों और वर-वधु पक्ष के लिए सुस्वादु भोजन की व्यवस्था भी की गई। जनप्रतिनिधियों और न्यायिक अधिकारियों ने सराहा
छतरपुर विधायक ललिता यादव ने विवाह में डोली उठाई। विदाई गीत भी गाए। साथ ही उन्होंने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कार्य यज्ञ से कम नहीं है। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने भी इसे सराहनीय और अनुकरणीय बताया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंदर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन असमर्थ परिवारों की कन्याओं के विवाह का नेक कार्य हैं। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश देवलिया ने कहा कि सामूहिक विवाह से फिजूलखर्ची पर रोक लगती है और बेटी विदा होकर खुशी-खुशी परिवार में योगदान देती है। अग्रवाल समाज के संरक्षक हरि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि यह पहल हर साल जारी रहेगी। समारोह का संचालन महेंद्र अग्रवाल ने किया। समारोह में विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंदर सिंह, कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश देवलिया, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति जायसवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विष्णु प्रसाद सोलंकी, भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह सहित अनेक समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


