केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शुक्रवार को बसंत पंचमी के मौके पर पत्नी मलिका बनर्जी नड्डा के साथ जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और आरती की। पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई। इस दौरान नर्मदा तट पर धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना रहा। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मां नर्मदा को मध्यप्रदेश की जीवनरेखा बताया। उन्होंने नर्मदा के संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प भी लिया। आयोजन के चलते घाट क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जहां श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।


