खरगोन में कोचिंग जा रही 10 साल की छात्रा पर कुत्तों ने हमला कर दिया। एक कुत्ते ने उसकी टांग में काट लिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। पूरी घटना पास ही के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। मामला बृज विहार टाउनशिप के चौमुख इलाके में बुधवार शाम का है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली काव्या जायसवाल बुधवार शाम करीब 4:30 बजे स्कूल बैग लेकर कोचिंग जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक कुत्ता पीछे से बच्ची के पास पहुंचता है, जबकि दूसरा सामने से आकर उसे अचानक गिरा देता है। जमीन पर गिरते ही कुत्तों ने हमला शुरू कर दिया। घबराई बच्ची ने जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगी। उसी दौरान एक बाइक सवार मौके पर पहुंचा, जिससे कुत्ते भाग गए और बच्ची की जान बच सकी। डर के साए में बच्ची, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित बच्ची की मां रेखा जायसवाल ने बताया कि बच्ची का इलाज कराया गया है, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी डरी हुई है। डर के कारण उसका माहौल बदलने के लिए उसे धूलकोट भेजा गया है। उन्होंने इस मामले में नगर पालिका से ठोस कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका आवारा कुत्तों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। इस वर्ष खरगोन में कुत्तों के हमले की पांच से अधिक बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में संजय नगर क्षेत्र में हुए हमले में 13 बच्चे घायल हुए थे, जिनमें एक 11 वर्षीय बच्ची की मौत भी हो चुकी है। नगर पालिका का कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी कराई जा रही है और बाद में उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है। इसके लिए एक एजेंसी नियुक्त की गई है। वहीं पालिका का यह भी दावा है कि इस प्रक्रिया में पशु प्रेमियों द्वारा हस्तक्षेप किया जा रहा है, जिसकी जानकारी कलेक्टर को दी गई है।


