भास्कर न्यूज | जालंधर संग ढेसियां इलाके में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के चलते ट्रक पलट गया। गनीमत रही घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है और ट्रक चालक सुरक्षित है। जानकारी के अनुसार, ट्रक रंधावा की तरफ से गांव संग ढेसियां आ रहा था। उसी समय उलटी दिशा से एक बस भी गुजर रही थी। ट्रक चालक लकी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के किनारे स्थित खेतों में पानी भरा हुआ था, जिससे सड़क की नींव कमजोर हो गई थी। जैसे ही ट्रक उस हिस्से से गुजरा, सड़क अचानक धंस गई और ट्रक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते वह पलट गया। उधर, मौके पर पहुंची क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाकर किनारे किया गया। इस दौरान कुछ समय यातायात भी बाधित रहा, लेकिन ट्रक हटने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।


