भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी में एक तरफ पुलिस सुरक्षा को लेकर कई तरह के दावे कर रही है, दूसरी तरफ लूट-स्नैचिंग और चोरी जैसी वारदातें बेखोफ हो रही हैं। अभी दो दिन पहले ही बी-डिवीजन के इलाके में सुनार की दुकान से 190 ग्राम सोने की लूट हुई थी। इस मामले में पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला और फिर इसी इलाके के माहन सिंह चौक स्थित एक दुकान में पौने 2 लाख रुपए की चोरी हो गई। जानकारी अनुसार माहन सिंह चौक पर वीरवार की दरमियानी रात चोरों ने जूते-चप्पल की दुकान के शटर उखाड़कर करीब पौने दो लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जिस जगह वारदात हुई, वहां अक्सर पीसीआर मुलाजिम तैनात रहती है। यह घटना दरमियानी रात 2 बजे की है। चोर बंद शटर के नीचे लोहे का रॉड फंसाकर उसे खोलते हैं, फिर दुकान के गल्ले को तोड़कर पौने दो लाख रुपए लेकर फरार हो गए। सीसीटीवी में एक चोर की तस्वीर कैद हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना बी-डिवीजन की पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थिति का जायजा लेते हुए सीसीटीवी को अपने कब्जे में लिया है। एडिशनल एसएचओ सरमेल सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच कर रहे हैं। गौर हो कि सीसीटीवी चैक करने पर देखा गया कि आरोपी पूरी प्लानिंग के साथ आया हुआ था। वह चाकू, रॉड, मोमबत्ती सारे औजार अपने पास लेकर आया था। गल्ले में लॉक लगा हुआ था। उसने मोमबत्ती को जलाकर चाकू को उस पर रख गर्म किया और फिर लॉक के रब्बर को काटना शुरू किया। पेचकस व अन्य औजार से गल्ले को तोड़ दिया। सारे पैसे निकालकर ले गया। जबकि उसका दूसरा साथी दुकान के बाहर खड़ा था। उसने दुकान के बाहर लगे एक सीसीटीवी को तोड़ा। दुकानदार कोशल सेठ ने बताया कि दुकान के गल्ले से पौने दो लाख रुपए चोरी हुए है। तकरीबन डेढ़ साल पहले भी उनकी दुकान से 10 लाख रुपए की चोरी हुई थी। वहीं उनकी दुकान में किसी ने आग भी लगा दी थी। हुसैनपुरा पुल पर पिता से भी पैसों की लूट हुई थी। इस चौक में पीसीआर तैनात रहती है, लेकिन लेट नाइट दुकानों की कोई सुरक्षा नहीं है, क्योंकि पीसीआर वाले पता नहीं कहां चले जाते हैं। सिटी में लॉ एंड आर्डर की स्थिति खराब होती जा रही है। अगर इसी तरह चलता रहा तो किस तरह दुकानदारी होगी।


