भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब राज्य अनुसूचित जाति कमीशन ने एक सख्त फैसले में अमृतसर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मुरादपुरा की प्रिंसिपल रेखा महाजन को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई डीपीई शिक्षक जोरइंदर सिंह की शिकायत पर की गई है, जिन्होंने आरोप लगाया था कि प्रिंसिपल ने उनके विरुद्ध जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है। कमीशन के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र जारी कर प्रिंसिपल के खिलाफ तत्काल विभागीय जांच शुरू करने की हिदायत दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित दो सदस्यीय कमेटी ने अपनी जांच में प्रिंसिपल को दोषी पाया है। चेयरमैन गढ़ी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रेखा महाजन न केवल दोषी पाई गईं, बल्कि यह भी सामने आया कि वह इस तरह के व्यवहार की आदतन दोषी हैं। निलंबन के बाद प्रिंसिपल का मुख्यालय चंडीगढ़ तय किया गया है। कमीशन ने सेकेंडरी शिक्षा विभाग के डायरेक्टर को 29 जनवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एससी एक्ट 1989 के तहत पुलिसिया कार्रवाई के लिए भी प्रक्रिया जारी रहेगी।


