भास्कर न्यूज | बालोद शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास सेक्टर 24 अटल नगर नवा रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जिले के 18 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान कर हौसला बढ़ाया। सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों ने वर्ष 2024 व 2025 में माध्यमिक शिक्षा मंडल से आयोजित सीजी बोर्ड हाई, हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा मंे मेरिट सूची टॉप-10 में स्थान प्राप्त की है। 18 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के लिए 27 लाख रुपए जारी किया गया है। जिला शिक्षा विभाग की ओर से नियुक्त जिला प्रतिनिधि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की प्रभारी प्राचार्य नीलम कौर ने बताया कि सीजी बोर्ड मेरिट में शामिल प्रत्येक प्रतिभावान विद्यार्थी को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए मिलेगा। श्रमिक कार्ड होने की वजह से डेढ़ लाख के अलावा भूमिका साहू को स्कूटी व एक लाख रुपए प्रोत्साहन राशि पहले से मिल चुकी है। पहली बार ऐसा हुआ, जब एक साथ जिले के 18 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान हुआ। पिछले साल किसी कारण से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन नहीं हुआ था। इस वजह से वर्ष 2024 व 2025 दोनों साल के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मान करने रायपुर बुलाए थे। वर्ष 2024 में मेरिट में आने पर ये किए गए सम्मानित वर्ष 2024 में कक्षा 12वीं प्रावीण्य सूची में शामिल जिले से हर्षवती साहू का सम्मान हुआ। हर्षवती ने स्वामी आत्मानंद हिंदी झलमला में पढ़ाई कर उपलब्धि हासिल की है। इसी तरह कक्षा 10वीं में राहुल गंजीर प्रियदर्शनी अर्जुंदा, डाली साहू स्वामी आत्मानंद हिंदी मावि बालोद, पदमनी शांडिल्य फागुन्दाह, जिज्ञासा धनेली, लुकेश राजपूत संस्कार शाला बालोद, बबीता साहू खुटेरी, तोषण करहीभदर, खोमेंद्र भानपुरी, खुशी टुवानी हेमप्रज्ञा साहू स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी अर्जुंदा, रीतिक देवांगन डुण्डेरा का सम्मान हुआ।


