पुलिस की विशेष टीम ने की कार्रवाई, देवघर और पिपरा धौड़ा से आरोपियों को दबोचा गया

भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हेठलापीठ निवासी 30 वर्षीय राजू दास की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में बरवाडीह नूरी मस्जिद निवासी 25 वर्षीय रहबर अंसारी उर्फ छोटू अंसारी तथा पिपरा धौड़ा निवासी 24 वर्षीय समीम अंसारी उर्फ अफसर उर्फ लंगड़ा शामिल हैं। यह जानकारी सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने मुफ्फसिल थाना सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। एसडीपीओ ने बताया कि 6 जनवरी 2024 को सिमरिया धौड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र गली में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने मुफ्फसिल थाना को दी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई जख्म पाए गए। मृतक की पत्नी धनेश्वरी देवी के फर्द बयान के आधार पर थाना में कांड दर्ज कर एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना दी गई। एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। जांच के दौरान अप्राथमिकी अभियुक्त रहबर अंसारी को देवघर से तथा समीम अंसारी को पिपरा धौड़ा स्थित उसके घर से छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया। शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद, मार दी चाकू पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक और दोनों आरोपी साथ में शराब व गांजा का सेवन करते थे। शराब पीने के दौरान विवाद होने पर दोनों आरोपियों ने संयुक्त रूप से धारदार चाकू से राजू दास की निर्मम हत्या कर दी और उसके पॉकेट से 4 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है। छापामारी दल में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, एसआई मुकेश कुमार पंडित, संजय कुमार, राम बचन राम, शैलेंद्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राहुल रंजन सहित पुलिस बल शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *