हाईटेक लाइब्रेरी:1017 छात्र एक साथ पढ़ेंगे, कैफेटेरिया-जिम व पार्किंग होगी

नालंदा-2 के निर्माण के लिए शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर भूमिपूजन किया गया। एनआईटी के सामने जीई रोड स्थित स्थल पर बनने वाली यह हाईटेक लाइब्रेरी 21 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से तैयार होगी। नालंदा-2 में 1017 छात्रों के एक साथ बैठकर 24 घंटे अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नालंदा फेस-2 विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यह क्षेत्र में शिक्षा का एक अपग्रेडेड हब साबित होगा। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि एजुकेशन हब के विकास का संकल्प अब साकार हो रहा है। वहीं महापौर मीनल चौबे ने कहा कि शहर के हृदय स्थल पर स्थित यह परिसर चारों ओर से शिक्षण संस्थानों से घिरा है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा और उनका भविष्य संवर सकेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा और महापौर मीनल चौबे भी मौजूद रहीं। नालंदा-2 परिसर में 90 सीटों का लेक्चर हॉल, 24 को-वर्किंग स्पेस, 950 से अधिक दोपहिया और 75 से अधिक चारपहिया वाहनों की पार्किंग, 50 सीटों का कैफेटेरिया, जिम, स्पोर्ट्स जोन, बच्चों का खेल क्षेत्र और इंडोर गेम्स जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *