पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। ठंड के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को रांची का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अचानक आई इस गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है। मौसम में नमी बढ़ने से शाम ढलते ही कनकनी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से फिलहाल तापमान स्थिर नहीं रहेगा और अगले कुछ दिनों तक इसमें बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, दिन के समय हल्की धूप निकलने से मौसम पूरी तरह सर्द नहीं लगेगा। कांके रहा सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री रांची जिले में कांके क्षेत्र एक बार फिर राज्य का सबसे ठंडा इलाका दर्ज किया गया। यहां रात का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राजधानी से भी काफी कम रहा। रात के पारे में आई गिरावट के कारण इलाके में ठिठुरन बढ़ गई। हवा में नमी आने से ठंड का असर और तेज हो गया। मौसम विभाग, रांची केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फरवरी के पहले सप्ताह से ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा और दिन में गर्मी का एहसास बढ़ेगा। सुबह कोहरा, दोपहर में धूप मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक रांची में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है, जबकि दोपहर में हल्की धूप खिलने की संभावना है। इसका मतलब है कि सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में मौसम सुहावना रहेगा। पूरी तरह गर्मी का एहसास अभी नहीं होगा। इसे सर्दी का अंतिम चरण माना जा रहा है, जिसमें तापमान धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ रहा है। 24 और 25 जनवरी को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहने का अनुमान है।


